News Flash: समाचार फ़्लैश:
  • मरीजों की सुविधा के लिए एम्स बिलासपुर तक शुरू की गई सीधी बस सेवा, अन्य क्षेत्र भी जल्द जुड़ेंगेः मुकेश अग्निहोत्री
  • मुख्यमंत्री ने नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में 23 करोड़ रुपये की एमआरआई मशीन का किया शुभारम्भ, 51 करोड़ रूपये की पीईटी स्कैन ब्लॉक की रखी आधारशिला
  • पूर्व सैनिकों और रक्षा कर्मियों के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धः मुख्यमंत्री
  • प्रसिद्ध पहलवान ‘द ग्रेट खली’ ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की
  • 20वें एशियाई खेलों कें पदक विजेताओं को दी जाएगी 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशिः मुख्यमंत्री
  • नई दिल्ली में आयोजित होगा महिला एवं बाल विकास से संबंधित शिखर सम्मेलन
View Allसभी देखें
 Latest News
 नवीनतम समाचार
  • नई दिल्ली में आयोजित होगा महिला एवं बाल विकास से संबंधित शिखर सम्मेलन
     
     
     
    डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में भाग लिया
     
    स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में भाग लिया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित आगामी दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। यह सम्मेलन 8 और 9 अक्तूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 अक्तूबर को सम्मेलन के समापन सत्र में विशेष रूप से उपस्थित होंगे।
    आगामी शिखर सम्मेलन के संबंध में डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। इनमें बेहतर पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों की पुनर्कल्पना, बाल संरक्षण प्रणाली को सुदृढ़ करना, संस्थागत एवं विधायी व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा प्रमुख योजनाओं एवं हस्तक्षेपों की प्रभावशीलता और परिणामों को बेहतर बनाते हुए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना शामिल है।
    उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन के दौरान प्रदेश के कल्याण से जुड़े मुद्दों और वास्तविक मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सम्मेलन के लिए एक विस्तृत प्रस्तुति तैयार की जाएगी, जिसमें ऐसे सुझाव शामिल किए जाएंगे, जो न केवल हिमाचल प्रदेश के लिए उपयोगी हों, बल्कि अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी लाभकारी साबित हो सकें।
    महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक मंच पर एकत्रित होकर विचार-विमर्श करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा ताकि विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं का लाभ प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से समाज के पात्र वर्गों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जा सके।
    बैठक में महिला एवं बाल विकास केन्द्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विभिन्न राज्यों के मंत्री, विभिन्न प्रदेशों के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 
    .0.
     
    Read More
  • प्रसिद्ध पहलवान ‘द ग्रेट खली’ ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की
     
     
    ‘द ग्रेट खली’ के नाम से विख्यात पहलवान एवं डब्ल्यूडब्ल्यूई हॉल ऑफ फेमर दलीप सिंह राणा ने आज लोक भवन में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की।
    राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को सम्मानित करते हुए हिमाचल प्रदेश से अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के मंच तक उनकी उल्लेखनीय यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री राणा की उपलब्धियों ने हिमाचल प्रदेश और भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है तथा उनके संघर्ष और सफलता ने युवा पीढ़ी को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया है।
    इस दौरान राज्यपाल और दलीप सिंह राणा ने हिमाचल प्रदेश में खेल, युवा सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
    दलीप सिंह राणा ने पेशेवर कुश्ती के क्षेत्र में अपने अनुभवों और सफर को साझा करते हुए खेलों को बढ़ावा देने तथा युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों पर भी चर्चा की।
    राज्यपाल ने युवाओं को विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अधिक अवसर, उचित मार्गदर्शन और उपयुक्त मंच उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर बल दिया।
    राज्यपाल ने कहा कि राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और प्रतिभा को देखते हुए हिमाचल प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने राज्य के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
    राज्यपाल ने दलीप सिंह राणा को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और खेल एवं युवा विकास के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी।
    .0.
     
    Read More
  • मुख्यमंत्री ने नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में 23 करोड़ रुपये की एमआरआई मशीन का किया शुभारम्भ, 51 करोड़ रूपये की पीईटी स्कैन ब्लॉक की रखी आधारशिला
     
     
    स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार राज्य सरकार की प्राथमिकता- मुख्यमंत्री
    मुख्यमंत्री ने नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय के फैकल्टी और विद्यार्थियों से किया संवाद, आईसीयू में बढ़ेंगे 25 से 30 बेड
     
    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मण्डी जिले के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 23 करोड़ रुपये लागत की एमआरआई मशीन और 2.29 करोड़ रुपये के टर्शियरी केयर कैंसर सेंटर, लाईनेक एवं सीटी-सिम्यूलेटर मशीन का शुभारम्भ किया। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में 51 करोड़ रुपये की पीईटी स्कैन मशीन ब्लॉक की आधारशिला भी रखी।
    इसके बाद मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय में फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि लोगों को बेहतर उपचार के लिए अपने घरों से दूर न जाना पड़े और उन्हें नजदीकी स्तर पर ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में अत्याधुनिक ऑटोमेटेड लैब्स स्थापित की जा रही हैं। इन लैब्स के माध्यम से एक ही सैंपल से कई प्रकार के टेस्ट किए जा सकेंगे, जिससे मरीजों को बार-बार सैंपल देने की आवश्यकता नहीं होगी और जांच प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के साथ-साथ चिकित्सा महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचे और चिकित्सा सेवाओं को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला में राज्य सरकार द्वारा पीईटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी में पीईटी स्कैन के लिए प्रतीक्षा अवधि करीब एक महीने है, जबकि एम्स दिल्ली में इसके लिए मरीजों को करीब चार महीने तक इंतजार करना पड़ता है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में अध्ययनरत एमबीबीएस विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को दुनिया में अपनाई जा रही आधुनिक स्वास्थ्य पद्धतियों और बेहतर चिकित्सा प्रथाओं का अनुभव करवाने के लिए विदेश में एक्सपोजर विजिट पर भेजने पर सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों और चिकित्सकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा व्यवस्थाओं और तकनीकों को समझने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक चिकित्सा महाविद्यालय में कम से कम दो या तीन प्रमुख चिकित्सा विभागों को प्राथमिकता के आधार पर और अधिक मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। इसका उद्देश्य प्रदेश में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता बढ़ाना और मरीजों को अधिक से अधिक उपचार सुविधाएं राज्य के भीतर ही उपलब्ध करवाना है।
    नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में वर्तमान में 123 नर्सों की तैनाती की जा चुकी है तथा आने वाले समय में आवश्यकता के अनुसार और नर्सों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में आईसीयू की क्षमता बढ़ाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि आईसीयू में 25 से 30 अतिरिक्त बेड स्थापित किए जाएंगे, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता में वृद्धि होगी।
    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष प्रदेश में पीजी की 320 सीटें बढ़ाने जा रही है। उन्होंने कहा कि टांडा चिकित्सा महाविद्यालय के साथ-साथ नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में भी एसआरशिप शुरू करवाई गई है। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त तकनीकी और पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने तकनीकी एवं पैरामेडिकल स्टाफ के 800 पद स्वीकृत किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मानव संसाधन और आधुनिक तकनीक उपलब्ध करवाने पर सरकार लगातार काम कर रही है।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य संस्थानों का विस्तार करना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीक, पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों, प्रशिक्षित स्टाफ और बेहतर डायग्नोस्टिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है, ताकि हिमाचल के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हो सकें।
    इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव एवं प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, कांग्रेस नेता चेत राम ठाकुर, शशि शर्मा, लाल सिंह कौशल, जगदीश रेड्डी, नरेश चौहान, पवन ठाकुर तथा जीवन ठाकुर, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।    
    .0.
    Read More
  • मरीजों की सुविधा के लिए एम्स बिलासपुर तक शुरू की गई सीधी बस सेवा, अन्य क्षेत्र भी जल्द जुड़ेंगेः मुकेश अग्निहोत्री


    10 इलेक्ट्रिक बस सेवाओं से एम्स बिलासपुर तक सुगम यात्रा से रोजाना करीब एक हजार यात्री हो रहे लाभान्वित

    हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) द्वारा मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों से एम्स बिलासपुर तक सीधी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस क्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों को सीधे एम्स बिलासपुर से जोड़ने के लिए 10 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे रोजाना एक हजार से अधिक मरीज और उनके परिचारक लाभान्वित हो रहे हैं।
    उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिंतपूर्णी, ऊना, हरोली, सोलन, मंडी और जाहू से एम्स बिलासपुर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा बिलासपुर जिले के करलोटी, बंदला, शाहतलाई, घुमारवीं और बिलासपुर से भी एम्स के लिए सीधी बस सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। घुमारवीं से एम्स के लिए चार तथा बिलासपुर से आठ बार प्रतिदिन बसों का संचालन किया जा रहा है।
    उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि नालागढ़ से रामशहर होते हुए तथा बद्दी से बघेरी होते हुए एम्स बिलासपुर के लिए दो नई इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके अतिरिक्त नाचन विधानसभा क्षेत्र से भी नई बस सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
    उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर तक समय पर बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने में यह पहल उपयोगी साबित हो रही है। इससे मरीजों और उनके परिचारकों को बसें बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ती और वे निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों को भी एम्स बिलासपुर से सीधी बस सेवा के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
    इन बस सेवाओं का लाभ उठा चुके मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि लो-फ्लोरिंग इलेक्ट्रिक बसें मरीजों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक हैं। नियमित उपचार, जांच और फॉलोअप के लिए बस से एम्स आने वाले लोगों के समय की बचत हो रही है तथा टैक्सी और निजी वाहनों पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम हो रहा है।
    .0.

    Read More
  • मुख्यमंत्री ने मंडी में 136.25 करोड़ रुपये की 21 विकासत्मक परियोजनाओं के किए लोकार्पण एवं शिलान्यास
     
     
    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान बल्ह क्षेत्र के कंसा मैदान में बल्ह, नाचन, मंडी सदर और करसोग विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित 136.25 करोड़ रुपये लागत की 21 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए।
    मुख्यमंत्री ने 10.73 करोड़ रुपये की लागत से चंडियाल-पिपली-कुठवाड़ी-कांडी-तारापुर- खारसी- मनसा माता मंदिर डोला-टिक्कर सड़क के मेटलिंग एवं टारिंग कार्य, 8.28 करोड़ रुपये की सकरोहा-नैना माता मंदिर पिपली- नदौल- कासला- मलवाणा सड़क, 5.11 करोड़ रुपये की लखवाण-डहणू-भनशोट- रठोल-अंद्रेटा-मैरामसीत सड़क तथा 3.08 करोड़ रुपये की टांडा-कोहला- टिक्करी-कावलकोट सिद्धकोठी (वाया बाबा बालक नाथ मंदिर) थपला गोभोल गलू सड़क का उद्घाटन किया।
    उन्होंने 3.51 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित डोयडा पुल-छजवाण-खाबू पंचायत घर दूसरा खाबू से दरबयास सड़क, 2.08 करोड़ रुपये की लागत से नेरचौक में लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय भवन, 25.89 करोड़ रुपये की लागत से नेरचौक रत्ती कलखर सड़क के उन्नयन कार्य, बेहना में 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा कोठी में 23 लाख रुपये की लागत से पशु औषधालय भवन का भी लोकार्पण किया।
    मुख्यमंत्री ने बल्ह तहसील में आईपीएच उपमंडल रिवालसर के अंतर्गत बस्तियों के लिए 43.91 करोड़ रुपये लागत की वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना, मंडी में पीआईयू डिवीजन के अंतर्गत 17.01 करोड़ रुपये की बहली-महादेव एवं नेरी-कांगर, पन्यास उठाऊ जलापूर्ति योजना, 4.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाल (यू-ब्लॉक मंडी) के भवन, 38-38 लाख रुपये की लागत से निर्मित डहणू पंचायत घर तथा मलथेहड़ पंचायत घर, पंडोह (स्योग) में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित मांडव ग्रामीण हाट, बल्ह तहसील के पटवार सर्कल रजबाड़ी में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटवारखाना तथा करसोग तहसील के पटवार सर्कल करसोग में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटवारखाना का उद्घाटन किया।
    मुख्यमंत्री ने हलयातर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, कांगणी में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले टाइप-प् एवं टाइप-प्प् कर्मचारी आवास, 1.15 करोड़ रुपये की लागत से विकास खंड बल्ह के रत्ती में पंचायत सामुदायिक केंद्र तथा 7.38 करोड़ रुपये की लागत से बल्ह तहसील में सेकड़ खड्ड और बैहना नाला पर एफपीक्यू उपलब्ध करवाने की परियोजना का शिलान्यास किया।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में मूलभूत अधोसंरचना और जन सेवाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा बेहतर होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और जिले के समग्र सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति योजनाओं के कार्यान्वित होने से संबंधित गांवों के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
    -0-
    Read More
  • मुख्यमंत्री ने ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की पात्रता में मनरेगा में एक दिन कार्य करने की अनिवार्य शर्त को हटाने की घोषणा की, आय सीमा को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया
     
     
    नेरचौक में जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के डिवीजन तथा डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा
     
    डबल इंजन सरकार ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेला- मुख्यमंत्री}
     
    प्रदेश में अगर भाजपा सरकार होती तो उत्तराखंड की तरह किशाऊ परियोजना में हिमाचल के हितों की होती अनदेखी- मुख्यमंत्री  
     
    विकास में सराज क्षेत्र को छोड़कर पूरे मण्डी जिले की अनदेखी करने के लिए जयराम ठाकुर पर साधा निशाना
     
      मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में डबल इंजन की सरकार ने हिमाचल प्रदेश को कर्ज के दलदल में धकेला और प्रदेश की संपदा का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को जीएसटी कंपनसेशन और आरडीजी के रूप में करीब 60 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए, लेकिन इस धन का उचित उपयोग नहीं किया गया।
    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि करीब 45 महीने पहले प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में आमजन की सरकार बनी और एक सामान्य परिवार से आने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं और उनके दर्द को समझते हुए मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की करीब 1,600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता बंद कर दी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्राकृतिक आपदा और राजनीतिक चुनौती, दोनों का मजबूती से सामना किया। आपदा के दौरान राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से करीब 23 हजार क्षतिग्रस्त घरों को दोबारा बनाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक चुनौती का भी प्रदेश की जनता के सहयोग और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से डटकर सामना किया गया और कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर 40 तक पहुंची।
    उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का दृढ़ संकल्प हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर लोगों को उनके अधिकार दिलवाने की दिशा में काम कर रही है। कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके वित्तीय लाभ देने के साथ-साथ अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए भी योजनाएं लागू की जा रही हैं।
    मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हितों की मजबूती से पैरवी की है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार होती तो उत्तराखंड की तर्ज पर हिमाचल के लोगों पर करीब 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता था। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के हितों की पैरवी से प्रदेश के करीब 3,000 करोड़ रुपये का खर्च बचाया गया है और परियोजना से भविष्य में हिमाचल प्रदेश को सालाना 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये की आय हो सकती है।
    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय दूध 32 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा था, जबकि वर्तमान सरकार ने गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाकर 61 रुपये तथा भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 71 रुपये प्रति लीटर किया है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में दूध का मूल्य और बढ़ाएगी।
    उन्होंने ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की पात्रता में बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए मनरेगा में एक दिन काम करने की अनिवार्य शर्त हटाई जाएगी। परिवार की आय सीमा को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जल्द ही पुलिस कांस्टेबलों के 800 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 23 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के समय प्रदेश के अस्पतालों में करीब 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर लगभग 60 प्रतिशत किया है और आने वाले समय में इसे 80 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
    पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए श्री सुक्खू ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मंडी में क्षेत्रवाद का नारा देकर भाजपा ने जिले की 10 में से 9 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में सराज विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर विकास के मामले में पूरे मंडी जिले की अनदेखी की गई।
    बल्ह विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी चुनाव जीतते तो आज वह प्रदेश सरकार में मंत्री होते।
    स्थानीय भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वह विधानसभा में अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाते। उन्होंने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं को लेकर भाजपा के भीतर भी असंतोष है।
    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जल्द जारी करने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि इस बार कर्मचारी दिवाली अच्छी तरह मना सकेंगे और प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकासात्मक घोषणाएं भी कीं। उन्होंने नेरचौक में जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के डिवीजन तथा डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने बल्ह क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए 3 करोड़ रूपये देने की घोषणा भी की।
    उन्होंने डंपिंग साइट के लिए 1 करोड़ रुपये, कंसा स्टेडियम की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये तथा लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रिडू, नालू तथा सरयाड सड़क को पक्का करने के लिए 60 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिला मंडलों के लिए 35-35 हजार रुपये देने की घोषणा की।
    मुख्यमंत्री ने गुरकोटा में आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की।
    इससे पहले, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों के हित में अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों को एक्सपोजर विजिट के लिए विदेश भेजना मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच और बच्चों के बेहतर भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
    उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार, हिमाचल प्रदेश को अपने अधिकारों से वंचित कर रही है। इसके बावजूद राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ प्रदेश का संचालन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे वादे करके चुनाव जीतने का प्रयास करती है।
    एपीएमसी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का बल्ह विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत किया।
    इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व सीपीएस सोहन सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता चेत राम ठाकुर, शशि शर्मा, लाल सिंह कौशल, जगदीश रेड्डी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, नरेश चौहान, पवन ठाकुर, जीवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
    .0.
    Read More
Latest Video FootageView Allनवीनतम वीडियो फुटेजसभी देखें
Departments Productions View All विभाग प्रोडक्शंससभी देखें
Latest News PhotographsView Allनवीनतम समाचार फोटोसभी देखें
# At Snap with CMView Allसीएम के साथ आपका फोटोसभी देखें
Digital Photo LibraryView All डिजिटल फोटो गैलरीसभी देखें
You Are Visitor No.हमारी वेबसाइट में कुल आगंतुकों 12029685

Nodal Officer: UC Kaundal, Dy. Director (Tech), +919816638550, uttamkaundal@gmail.com

Copyright ©Department of Information & Public Relations, Himachal Pradesh.
Best Viewed In Mozilla Firefox